प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे हर्रावाला रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर हर्रावाला रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहेंगे।

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसी योजना के तहत लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से हर्रावाला रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं और उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

देहरादून से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में प्रतिदिन केवल तीन ट्रेनों का दो-दो मिनट का ठहराव होता है, जबकि देहरादून रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब 16 ट्रेनों का संचालन होता है। स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 80 से 90 टिकटों की बिक्री होती है, जिनसे करीब 5,000 रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। यहां फिलहाल काउंटर से केवल सामान्य श्रेणी के टिकट उपलब्ध हैं।

स्टेशन अधीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्तमान में स्टेशन पर केवल एक प्लेटफार्म है, लेकिन क्षेत्र की बढ़ती आबादी और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए भविष्य में अधिक ट्रेनों के ठहराव की संभावना है।

स्टेशन के आसपास करीब एक लाख की आबादी निवास करती है। स्थानीय जनप्रतिनिधि लंबे समय से यहां अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग करते रहे हैं। यदि यह मांग पूरी होती है तो यात्रियों को देहरादून जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे समय, धन और ईंधन की बचत के साथ शहर के यातायात दबाव में भी कमी आएगी।