मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्धा से लूट, मारपीट कर खेत में फेंका

केलाखेड़ा। निकटवर्ती गांव मझरा रहमतुल्लाह में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली 70 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। हमलावरों ने पहले महिला के साथ मारपीट की और फिर उनके कानों में पहने कुंडल खींचकर लूट लिए। इसके बाद बदमाश घायल अवस्था में महिला को पास के एक खेत में फेंककर फरार हो गए।

काफी देर तक वृद्ध महिला के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनके बेटे ने बाइक से आसपास के क्षेत्रों में अपनी मां की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसे एक सुनसान स्थान से आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर उसने अपनी मां को खेत में घायल अवस्था में पड़ा पाया।

बेटे ने तुरंत अपनी मां को संभाला और घटना की जानकारी ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी मनीष खत्री ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।