


चिन्यालीसौड़। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 स्थित नागणी बड़ी गांव में ग्रामीणों ने एक अहम सामाजिक निर्णय लेते हुए शादी समारोह एवं अन्य मांगलिक कार्यों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले का उद्देश्य बढ़ते नशे के प्रचलन पर रोक लगाना और युवा पीढ़ी को सही दिशा देना है।
शनिवार को सामूहिक हरियाली पूजा के समापन अवसर पर नागराजा भगवान के मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। ग्रामीणों ने तय किया कि यदि कोई व्यक्ति मांगलिक कार्यों में शराब परोसता हुआ पाया गया तो उस पर 51 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा।

इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने यह भी संकल्प लिया कि नियम का उल्लंघन करने वाले परिवार का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में शराब और अन्य नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी गलत दिशा में जा रही है। नशे की आदत न केवल सामाजिक वातावरण को बिगाड़ रही है, बल्कि परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी कमजोर कर रही है।
इस मौके पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शूरवीर रांगड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ मुहिम को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
