देहरादून में महिला जन आक्रोश रैली से गरमाई सियासत, सीएम धामी का विपक्ष पर तीखा हमला

देहरादून। नारी सम्मान, महिला आरक्षण और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित महिला जन आक्रोश रैली ने इस बहस को नया आयाम दिया। हजारों महिलाओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला।

इस विशाल रैली में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिसने इसे एक सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर जनभावनाओं के प्रदर्शन का मंच बना दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह रैली नारी सम्मान और अधिकारों की आवाज है, जो उन ताकतों के खिलाफ उठ रही है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा डालती रही हैं।

अपने संबोधन में सीएम धामी ने महाभारत का उदाहरण देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को ‘दुर्योधन’ की मानसिकता वाला बताया, जबकि अखिलेश यादव को ‘दुशासन’ की संज्ञा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह महाभारत में अन्याय हुआ, उसी प्रकार महिला अधिकारों के मुद्दे पर भी विपक्ष का रवैया रहा है।

मुख्यमंत्री ने संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के दौरान कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब महिलाओं को अधिकार देने का ऐतिहासिक अवसर आया, तब विपक्ष पीछे हट गया। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर दोहरा चरित्र दिखा रही है—संसद में विरोध और सड़कों पर समर्थन का दिखावा।