शहर में आज रात ब्लैकआउट मॉकड्रिल, 30 मिनट तक बंद रहेंगी लाइटें

Dehradun: । नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार रात शहर में ब्लैकआउट के साथ मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान रात 10 बजे से लगभग आधे घंटे तक शहर के कई प्रमुख इलाकों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी और आपातकालीन सायरन बजाए जाएंगे।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह मॉकड्रिल भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में तंत्र की तत्परता, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है। ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मॉकड्रिल के तहत आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन स्थानों पर रात 10 बजे से लगभग 30 मिनट तक ब्लैकआउट रहेगा, जिसमें स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद की जाएगी।

मॉकड्रिल शुरू होने से पहले संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन सायरन बजाकर आम नागरिकों को संकेत दिया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और इस अभ्यास में सहयोग करें।