हरिद्वार में PM आवास योजना को मिलेगी रफ्तार, जून में जारी होगी पात्र परिवारों की अंतिम सूची

हरिद्वार: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्के मकान का सपना देख रहे हरिद्वार जिले के हजारों गरीब परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिले में योजना के तहत हुए सर्वे और आवेदनों के भौतिक सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब जून महीने में पात्र परिवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार पिछले वर्ष 18 जून तक जिले में 29,719 आवासहीन परिवारों ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लिए आवेदन किया था। इसके बाद सरकार के निर्देश पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सभी आवेदनों का सत्यापन किया गया। अब यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल PMAY-G पोर्टल पर तकनीकी अपडेट का कार्य चल रहा है, जो जून के दूसरे सप्ताह तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद पात्र और अपात्र परिवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।

सूची को अंतिम रूप देने के लिए ग्राम सभाओं की खुली बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी आवेदकों के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पात्र परिवारों की सूची पंचायत भवनों पर भी चस्पा की जाएगी। ग्राम सभा से मंजूरी मिलने के बाद सूची जिला स्तरीय समिति को भेजी जाएगी, जहां से अनुमोदन के बाद केंद्र सरकार को धन आवंटन का प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त जारी कर दी जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ग्रामीणों की राय को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले अधिक से अधिक पात्र परिवारों को पहली किस्त जारी करने का प्रयास किया जा रहा है।

अगर किसी पात्र परिवार का नाम सूची से हट जाता है, तो वह जिला विकास कार्यालय में दस्तावेजों के साथ आपत्ति दर्ज करा सकता है। जांच सही पाए जाने पर उसका नाम दोबारा सूची में जोड़ा जाएगा।