

रुड़की, संवाददाता। सिडकुल पुलिस ने दिव्यांग नाबालिग किशोरी के यौन शोषण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 जून को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने उनकी दिव्यांग नाबालिग बेटी का यौन शोषण किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक मनीषा नेगी को सौंपी थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। छह जुलाई को पुलिस ने आरोपी को सुमन नगर स्थित गली नंबर-5 में स्मार्ट दुकान के पास उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
