

देहरादून चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रपत्र भर चुके मतदाताओं को भी नोटिस जारी किया जा सकता है। आयोग प्रपत्रों में पाई गई विसंगतियों के आधार पर करीब 18 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। नोटिस प्राप्त होने पर मतदाताओं को निर्धारित समय के भीतर अपने जवाब के साथ आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
एसआईआर के दौरान मतदाताओं की मैपिंग में कुछ तकनीकी विसंगतियां सामने आई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इन त्रुटियों को स्पष्ट करते हुए इनके पांच प्रमुख कारणों की पहचान की है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि सॉफ्टवेयर वर्तमान में सभी एसआईआर प्रपत्रों की पांच अलग-अलग मानकों पर जांच और छंटनी कर रहा है। छंटनी के बाद मामूली त्रुटियों वाले प्रपत्रों को नजरअंदाज कर दिया जाएगा, जबकि गंभीर विसंगतियां पाए जाने पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नोटिस का जवाब देने के लिए मतदाताओं को सात से दस दिन का समय दिया जाएगा। जवाब के साथ उन्हें अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण भी प्रस्तुत करने होंगे।
