


देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक को आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बैठक के दौरान उत्तराखंड के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, महिला कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की रणनीति, महिला शक्ति की भूमिका तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को देवभूमि उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। बताया जा रहा है कि आगामी समय में प्रियंका गांधी का उत्तराखंड दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रियंका गांधी ने विशेष रूप से चुनावी वर्ष को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का संदेश दिया।
मुलाकात के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
