


लक्सर। देहरादून से सहारनपुर जा रही डीएलएस पैसेंजर ट्रेन में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवजात का शव ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना ऐथल और लक्सर रेलवे स्टेशन के बीच पथरी पुल के पास हुई। मामले को लेकर ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने दंपती पर नवजात को जानबूझकर फेंकने का आरोप लगाया, जबकि दंपती ने इसे हादसा बताया है।
दंपती लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के निवासी बताए गए हैं। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि महिला ने एक दिन पहले लक्सर अस्पताल में नवजात को जन्म दिया था। सांस लेने में दिक्कत होने पर बच्चे को मेला अस्पताल हरिद्वार रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि दंपती हरिद्वार से नवजात का शव लेकर देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन से वापस लौट रहे थे। नवजात के पिता ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे हुए थे। ट्रेन जब ऐथल और लक्सर स्टेशन के बीच पथरी पुल के निकट पहुंची, तभी अचानक झटका लगने से ट्रेन का दरवाजा तेजी से उनके हाथ से टकराया और नवजात का शव नीचे गिर गया।
घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया और दंपती पर बच्चे को ट्रेन से फेंकने का आरोप लगाया। इसके बाद एक यात्री ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और ट्रेन मैनेजर को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर जीआरपी लक्सर के उपनिरीक्षक अतुल चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने दंपती से पूछताछ की और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, नवजात की मौत के बाद दंपती मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। फिलहाल दंपती द्वारा दी गई जानकारी की जांच और तस्दीक की जा रही है।
