बुलंदशहर में फर्जी दस्तावेजों पर रह रहा पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

बुलंदशहर में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नुमाइश पुल के नीचे से एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी भारतीय दस्तावेजों के सहारे पहचान छिपाकर रह रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन और एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी बासिद इरशाद को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से न्यू कराची, पाकिस्तान का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सैय्यद वासित अली के नाम से सुशीला विहार (भूड) के पते पर फर्जी आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बनवा रखे थे। तलाशी के दौरान उसके पास से ये फर्जी दस्तावेजों के साथ पाकिस्तानी पासपोर्ट भी बरामद किया गया। विभिन्न कार्यालयों से कराए गए सत्यापन में दस्तावेज पूरी तरह फर्जी पाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की मां के पास लॉन्ग टर्म वीजा है और आरोपी ने भी वीजा के लिए आवेदन किया था, जो फिलहाल शासन स्तर पर विचाराधीन है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2012 में वह मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने से विदेशी अधिनियम के तहत जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।