

Delhi: बुधवार सुबह जिम से घर लौटे एक आईआरएस अधिकारी और उनकी पत्नी उस वक्त सन्न रह गए, जब उन्होंने घर के अंदर अपनी बेटी को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। आनन-फानन में दंपती ने बेटी को कार से ओखला स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां से सुबह करीब 8:49 बजे पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम अस्पताल और दूसरी टीम कैलाश हिल स्थित आवास पर पहुंची। घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था—चारों ओर खून फैला हुआ था और दीवारों व फर्श पर खून के छींटे दूर तक नजर आ रहे थे।

जांच के दौरान क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। युवती के कमरे तक जाने वाले रास्ते और सीढ़ियों पर घसीटने के निशान मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने वारदात के बाद उसे नीचे तक घसीटा। कमरे से टूटा हुआ लैंप और खून से सनी पानी की बोतल भी बरामद हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने बाथरूम में जाकर खुद को साफ किया और फिर घर से नकदी, जेवरात सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में वह बिना किसी घबराहट के घर से निकलता दिखाई दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त, संयुक्त आयुक्त और विशेष आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है और संदिग्ध के आने-जाने के रास्ते को चिन्हित किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर सुरक्षित कर लिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें जुटी हुई हैं।

