

पिरान कलियर क्षेत्र के महमूदपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ मामला जल्द ही बढ़कर तनाव में बदल गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के अनुसार, बुधवार रात शुरू हुआ विवाद गुरुवार को फिर से बढ़ने लगा। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें 7 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं।

गिरफ्तार किए गए लोगों में तनवीर, दानिश, चांद खां, शिफत समेत अन्य शामिल हैं। सभी के खिलाफ शांतिभंग की धारा में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से चुनावी रंजिश चली आ रही थी और पूर्व में भी इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।
क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एसएसआई देवेन्द्र सिंह तोमर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

