
रुद्रप्रयाग। नगरासू-कर्णप्रयाग निहंग विवाद मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने के विरोध में बुधवार को रुद्रप्रयाग के गुलाबराय मैदान में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पौड़ी, रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
गौरतलब है कि 16 जून को निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद में दो स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन निहंगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक निहंग का उपचार पुलिस निगरानी में बेस अस्पताल श्रीनगर में चल रहा है।
इधर, सिख समुदाय ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कीं। पूरे मामले में पुलिस की भूमिका और दोनों प्राथमिकियों की जांच हरिद्वार पुलिस को सौंपी गई है।
मामले की समीक्षा के लिए बुधवार को डीआईजी यशवंत सिंह रुद्रप्रयाग पहुंचे। वह पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच प्रक्रिया का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट आईजी को सौंपेंगे।
इस दौरान व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने डीआईजी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में हरिद्वार पुलिस को जांच सौंपने के निर्णय को वापस लेने, मामले की जांच चमोली पुलिस से कराने, घायल स्थानीय लोगों का उपचार राज्य सरकार के खर्च पर कराने तथा चारधाम यात्रा के दौरान हथियारों पर प्रतिबंध लगाने जैसी मांगें शामिल हैं।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, अरविंद चौहान, व्यापार संघ अपर बाजार अध्यक्ष अनिल खंडूड़ी, महामंत्री आदित्य नवानी, मुख्य बाजार व्यापार संघ महामंत्री कांति पुजारी, पूर्व प्रधान हरीश चौहान और अधिवक्ता राजेंद्र सिंह नेगी सहित कई लोगों ने मामले में शीघ्र न्याय की मांग की।
वहीं व्यापार संघ ने पुलिस चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं को भी ज्ञापन सौंपकर नगर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
दूसरी ओर, जिला पंचायत चमोली की बोर्ड बैठक में भी कर्णप्रयाग निहंग घटना की जांच चमोली पुलिस को सौंपने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से ही मामले का समाधान संभव है।
