मेले से लौट रहे दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला, तीन नामजद

लक्सर। मेले में सामान बेचकर लौट रहे दो युवकों पर फतवा गांव के समीप कुछ लोगों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। दोनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, डुमनपुरी गांव निवासी सचिन कुमार और अमित कुमार ने बताया कि वे मेले में सामान बेचने का काम करते हैं। आठ सितंबर को दोनों बाड़ीटीप गांव में मेले में दुकान लगाने गए थे। रात में वापस लौटते समय फतवा गांव के समीप पहुंचे तो पहले से मौजूद तिलकपुरी निवासी अंकित, डुमनपुरी निवासी आकाश और राजकुमार समेत तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान सचिन की जेब में रखे 8,200 रुपये भी गिर गए। दोनों किसी तरह भागकर फतवा गांव पहुंचे और अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।