

रुड़की। नगर निगम परिसर में आयोजित 18वें भव्य श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव के दूसरे दिन भी धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। शाम को पूजा-अर्चना और महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। आचार्य आर्यादि ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। महाआरती के दौरान नगर निगम परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वरलाल शास्त्री, पूर्व मेयर यशपाल राणा, युवा समाजसेवी प्रणय प्रताप सिंह, मुदित गर्ग और आदित्य त्यागी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्री ओम सेवा मंडल की ओर से महोत्सव की व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। मंडल के गौरव सैनी, आशु अग्रवाल, नीरज ठाकुर, कुँवर अग्रवाल, सचिन कपूर, मोहित अरोड़ा, भारत पाटील, व्योम शर्मा, आशीष धीमान, सनी सिंघल, रोहन ग्रोवर, मनीष अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में लीन रहे।
