बिजली चेकिंग को पहुंची विजिलेंस टीम का किसानों ने किया विरोध, बैरंग लौटी

मंगलौर/नारसन। क्षेत्र के गांवों में बिजली चेकिंग के लिए पहुंची विद्युत विजिलेंस और ऊर्जा निगम की संयुक्त टीम को किसानों के विरोध के चलते बिना कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले किसानों ने गांवों के मुख्य रास्ते बंद कर टीम को गांवों में प्रवेश नहीं करने दिया। इस दौरान किसानों ने ऊर्जा निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।

मंगलवार को विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम ठसका, नारसन कलां और टिकोला कलां गांव में बिजली चेकिंग अभियान के लिए पहुंची थी। टीम के गांवों के पास पहुंचते ही किसानों की भीड़ मुख्य रास्तों पर जुट गई और रास्ते बंद कर दिए गए। किसानों ने टीम को गांव में प्रवेश करने से रोक दिया। अधिकारियों के आगे बढ़ने के प्रयास पर किसानों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक गहमागहमी रही। किसानों के विरोध और एकजुटता को देखते हुए अधिकारियों ने चेकिंग अभियान स्थगित करने का निर्णय लिया। इसके बाद टीम बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई। किसानों ने चेतावनी दी कि उनकी समस्याओं का समाधान होने तक गांवों में इस तरह की कार्रवाई का विरोध जारी रहेगा।