पीएम मोदी ने सीएम धामी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, प्रदेश की प्रगति में सक्रिय योगदान की जताई उम्मीद

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु की कामना की। अपने बधाई संदेश में प्रधानमंत्री ने राष्ट्र और समाज के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए सीएम धामी के जीवन में यश और गौरव की कामना की। उन्होंने कहा कि धामी के अनुभव, समर्पण और दूरदर्शिता से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश शक्ति की सप्तधारा के संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रदेश के सामर्थ्य, संसाधनों और जनशक्ति को नए आयाम देने में मुख्यमंत्री धामी की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर 16 सितंबर को यमकेश्वर स्थित शिव मंदिर में भाजपा की ओर से विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर होने वाले धार्मिक अनुष्ठान में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प माह और आशीर्वाद दीया कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर तिलक रोड स्थित बाल वनिता आश्रम में उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य व कला परिषद की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। आश्रम के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भजन-कीर्तन, साहित्य सम्मेलन, कवि सम्मेलन, चित्रकला प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

भाजपा कार्यालय में भी अभियान को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने बताया कि 17 सितंबर को घरों में आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा और डीएवी इंटर कॉलेज में शाम सात बजे सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन होगा। युवा मोर्चा की ओर से पौड़ी, सतपुली और श्रीनगर में रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 16 सितंबर को मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर कंडोलिया मंदिर में हवन, पूजा-अर्चना और कीर्तन होगा। पीएम मोदी की 7 अक्तूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई राजनीतिक यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।