रुड़की में तंत्र-मंत्र के लिए तीन वर्षीय मासूम का अपहरण, हरिद्वार पुलिस ने 20 घंटे में सकुशल किया बरामद

रुड़की। झबरेड़ा क्षेत्र से शादी समारोह के दौरान रहस्यमय तरीके से लापता हुए तीन वर्षीय मासूम बच्चे को Haridwar Police ने महज 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि बच्चे का अपहरण कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के लिए किया गया था।

पूरे मामले में हरिद्वार पुलिस की तत्परता और सक्रियता की जमकर सराहना हो रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Navneet Singh Bhullar के निर्देश पर पुलिस टीमों ने लगातार अभियान चलाया और आखिरकार बच्चे को सकुशल परिजनों तक पहुंचाया।

एसपी देहात Shekhar Chandra Suyal ने प्रेस वार्ता में बताया कि भगवानपुर क्षेत्र के भगतोवाली, झबरेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली झबरेड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि शादी समारोह के दौरान उसका तीन वर्षीय बच्चा अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। सीआईयू और सर्विलांस टीमों को भी सक्रिय किया गया। प्रभारी निरीक्षक Vijay Singh के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेसिंग, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपहरण की बात कबूल करते हुए अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए। जांच में सामने आया कि मासूम को तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के उद्देश्य से अगवा किया गया था।

इसके बाद पुलिस टीम सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी बच्चे को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया और सुरक्षित हरिद्वार वापस लाया गया।

बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों में खुशी का माहौल है। वहीं क्षेत्रीय जनता ने हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। पुलिस ने मामले में गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।