

रुद्रप्रयाग। जिले में गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 23 अगस्त कर दी गई है। जिले में 20 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 95,500 गैस कनेक्शन संचालित हैं। अधिकांश उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि अभी भी 13,551 उपभोक्ताओं ने अपना सत्यापन नहीं कराया है।
पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों को 23 अगस्त तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर एजेंसियां गांवों और अन्य स्थानों पर शिविर लगाकर भी उपभोक्ताओं का सत्यापन कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में ऐसे कई गैस कनेक्शन हैं, जिनके उपभोक्ता रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों या विदेश में रह रहे हैं। ऐसे उपभोक्ता अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम कनेक्शन स्थानांतरित करा सकते हैं, जिससे गैस आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, मृतक उपभोक्ताओं के कनेक्शन का सत्यापन अथवा कनेक्शन सरेंडर कराने की प्रक्रिया भी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य गैस कनेक्शनों का रिकॉर्ड अपडेट करने के साथ पात्र उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
पूर्ति अधिकारी ने बताया कि समय पर ई-केवाईसी नहीं कराने पर भविष्य में गैस सिलेंडर रिफिल कराने में परेशानी हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक रिफिल नहीं कराने वाले कनेक्शनों को दोबारा सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है।
उन्होंने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि भविष्य में गैस रिफिल को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
