समर्सिबल लगाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, छह घायल; 11 पर मुकदमा

पिरान कलियर। कोतवाली क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव में समर्सिबल लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और ईंट-पत्थर चलने से छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर महिलाओं सहित 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह मेहवड़ कलां गांव में समर्सिबल लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। संघर्ष के दौरान लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया गया, जिससे दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया, जबकि सभी का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।

एक पक्ष के नरेश कुमार सैनी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पारिवारिक संपत्ति से जुड़े पुराने विवाद के चलते विनयराज सिंह और उनके परिवार के सदस्य शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दुकानों के सामने समर्सिबल लगाने पहुंचे और दुकान पर कब्जा करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, लोहे की सरिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष के विनयराज सिंह ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि वह अपने घर के बाहर समर्सिबल नलकूप का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और कहासुनी के बाद उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर महिलाओं सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।