राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12-13 जून को देहरादून दौरे पर, आईएमए की पासिंग आउट परेड में होंगी मुख्य अतिथि

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 12 और 13 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति 13 जून की सुबह देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 जून को सुबह 7:30 बजे आईएमए में आयोजित 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में शिरकत करेंगी। इस अवसर पर वह नवप्रशिक्षित सैन्य अधिकारियों की सलामी लेंगी और उन्हें भारतीय सेना में शामिल होने पर शुभकामनाएं देंगी।

इंडियन मिलिट्री एकेडमी में इस प्रतिष्ठित समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ परेड की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति की मौजूदगी को लेकर आईएमए परिसर में विशेष उत्साह का माहौल है। कैडेट्स भी इस ऐतिहासिक अवसर के लिए पूरी लगन और अनुशासन के साथ परेड अभ्यास में जुटे हुए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति इस समारोह को और अधिक गौरवपूर्ण बनाएगी।

आईएमए की पासिंग आउट परेड भारतीय सेना के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक मानी जाती है, जिसमें प्रशिक्षण पूरा करने वाले कैडेट्स बतौर सैन्य अधिकारी देश सेवा की शपथ लेकर सेना का हिस्सा बनते हैं।