

14 एशियाई देशों के स्केटर दिखाएंगे हुनर, भारत लगातार दूसरी बार कर रहा मेजबानी
देहरादून में एशिया की प्रमुख शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में शामिल एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आयोजन 17 अगस्त से शुरू होगा। भारत और देहरादून लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित एशियाई प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहे हैं। प्रतियोगिता में भारत समेत 14 एशियाई देशों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता में हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन और दक्षिण कोरिया के स्केटर हिस्सा लेंगे। बड़ी संख्या में विदेशी खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी के चलते इसे भारत में आयोजित अब तक की सबसे बड़ी शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में से एक माना जा रहा है।
प्रतियोगिता से पहले रविवार को विभिन्न देशों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अभ्यास किया और प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। खिलाड़ियों ने आइस रिंक पर जमकर पसीना बहाया और अपनी तकनीक व गति को परखा।
एशियन ओपन के आयोजन से देहरादून की पहचान अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स और शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के माध्यम से भारतीय खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपना प्रदर्शन बेहतर करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
