

पिरान कलियर। बेडपुर चौक स्थित त्यागी ढाबे के स्वामी पर देर रात तमंचे से फायरिंग कर सनसनी फैलाने के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने खाने को लेकर हुए विवाद का बदला लेने के लिए साथियों के साथ मिलकर फायरिंग करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया, जबकि उसके फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
24 अगस्त की रात हुई थी फायरिंग
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि त्यागी ढाबे के स्वामी सुहेब ने तहरीर देकर बताया था कि 24 अगस्त की देर रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे से उन पर फायरिंग की थी। वह बाल-बाल बच गए थे, जबकि गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा लगे थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों की गतिविधियों और लोकेशन को ट्रेस किया गया। मंगलवार को पुलिस ने विशु सैनी निवासी गुम्मावाला, पिरान कलियर को एक ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ।
खाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ढाबा स्वामी के साथ खाने को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ढाबा स्वामी पर फायरिंग की थी। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल संजय रावत, बबलू कुमार और मोहम्मद आबिद आदि शामिल रहे।
