


देहरादून। पुरानी एमजी कार बेचने के नाम पर खानपुर विधायक उमेश शर्मा से 4.50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में विधायक के कार्यालय प्रबंधक असद खान की शिकायत पर राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, अगस्त 2025 में विधायक उमेश शर्मा के आईटी पार्क स्थित कार्यालय के मैनेजर असद खान के मोबाइल पर झारखंड के रांची निवासी एक व्यक्ति ने पुरानी मॉरिस (एमजी) कार बेचने का प्रस्ताव भेजा। आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से कार की तस्वीरें भेजीं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच वाहन का सौदा 4.50 लाख रुपये में तय हुआ। कार की डिलीवरी देहरादून में देने की बात कही गई थी।

आरोप है कि विधायक की ओर से अलग-अलग तिथियों में कुल 4.50 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए। भुगतान मिलने के बाद जब वाहन भेजने के लिए कहा गया तो आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कार बेचने के बहाने धोखाधड़ी कर रुपये हासिल किए हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने न तो वाहन उपलब्ध कराया और न ही ली गई रकम वापस लौटाई। इसके बाद मामले की शिकायत राजपुर थाने में दर्ज कराई गई।
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
