

रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। बुधवार को झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक सैकड़ों वाहनों में रुड़की पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एसपी देहात कार्यालय पहुंचकर तहरीर दी और मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाजपा सरकार पर दलित और संविधान विरोधी मानसिकता के साथ काम करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई।
सैकड़ों वाहनों के साथ निकाला जुलूस
कांग्रेस कार्यकर्ता अब्दुल कलाम चौक पर एकत्र हुए। यहां से सैकड़ों वाहनों का काफिला रुड़की एसबीआई रोड पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील स्थित एसपी देहात कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कथित शुद्धिकरण की घटना को दलित समाज के सम्मान से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
खड़गे का अपमान संविधान का अपमान: काजी निजामुद्दीन
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि 21वीं सदी में जब पूरी दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक की बात कर रही है, वहीं भाजपा पर छुआछूत और दलित विरोधी मानसिकता के साथ काम करने का आरोप लग रहा है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किसी एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि दलितों के सम्मान के लिए कांग्रेस पूरे देश में एकजुट होकर आंदोलन कर रही है। भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता का जवाब कांग्रेस पूरी ताकत के साथ देगी।
दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार दलित और पिछड़े समाज के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में दलित समाज अब सड़कों पर उतर चुका है। विधायक ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि दलित समाज के बड़े नेता हैं। उनके कार्यक्रम के बाद मैदान का कथित शुद्धिकरण किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है और किसी भी तरह की छुआछूत या भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। किसी भी व्यक्ति के साथ जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।
