

मसूरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन गुरुवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) पहुंचे। यहां उन्होंने वर्ष 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के लिए आयोजित आईएएस प्रोफेशनल कोर्स फेज-II के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अकादमी पहुंचने पर उपराष्ट्रपति ने सरदार वल्लभभाई पटेल और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अकादमी परिसर में आयोजित समापन समारोह में भाग लिया।
आईएएस प्रोफेशनल कोर्स फेज-II वर्ष 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्वपूर्ण चरण है। समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए देश की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने भावी प्रशासनिक अधिकारियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और अपने दायित्वों का निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति के मसूरी आगमन को लेकर एलबीएसएनएए परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। समारोह में अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
