देश को मिले राज्य वन सेवा के 28 नए अधिकारी, 12 महिला अधिकारी भी शामिल

देहरादून। केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा, देहरादून से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद देश को राज्य वन सेवा के 28 नए अधिकारी मिले हैं। अकादमी के 38वें बैच (2024-2026) के अधिकारियों ने अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

इस बैच में छत्तीसगढ़ के चार, कर्नाटक के 17, मध्य प्रदेश के छह और उत्तर प्रदेश के एक अधिकारी शामिल हैं। खास बात यह है कि 28 अधिकारियों के इस बैच में 12 महिला अधिकारी भी शामिल हैं।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वन अनुसंधान संस्थान के सभागार में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वीरेन्द्र आर. तिवारी, भारतीय वन सेवा (सेवानिवृत्त), अध्यक्ष, राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, नई दिल्ली उपस्थित रहे। इस अवसर पर अकादमी और वन विभाग से जुड़े अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों को उनके भविष्य के दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। नए राज्य वन सेवा अधिकारी अब अपने-अपने राज्यों में वन संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करेंगे।