

बारिश का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी, किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता
Roorkee: शुक्रवार को क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि, बारिश के कारण नगर और देहात क्षेत्र के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
पिछले दो दिनों से चटख धूप निकलने के कारण तापमान बढ़ गया था और गर्मी व उमस से लोग बेहाल थे। मौसम विभाग ने पहले ही तीन दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया और लोगों को राहत मिली। वहीं, निचले क्षेत्रों में पानी भरने से आवागमन समेत अन्य समस्याएं सामने आईं।
क्षेत्र में पहले से ही सैकड़ों बीघा कृषि भूमि जलभराव की चपेट में है। ऐसे में शुक्रवार की बारिश और आगामी दिनों में बारिश की संभावना से खेतों में जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों को डर है कि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसलों को नुकसान हो सकता है।
किसान बबलू चौधरी, राकेश कुमार, रविंद्र सैनी और कृष्णा ने बताया कि खेतों में पानी रुकने से फसलों के खराब होने की आशंका है। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहा तो कृषि भूमि में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।
