रक्षाबंधन पर 6 करोड़ पार पहुंची कमाई, ‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ के बीच फिर बढ़े शो


नई दिल्ली। बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्म ‘हनुमान अंश’ उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करती नजर आ रही है। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन महज करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन रिलीज के 22वें दिन इसकी कमाई करोड़ों में पहुंच गई। खास बात यह है कि कमाई कम रहने के बावजूद फिल्म के कलेक्शन में उछाल देखने को मिल रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर फिल्म की कमाई 6 करोड़ रुपये के पार पहुंचने का दावा किया जा रहा है।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म को शुरुआत में करीब 250 स्क्रीन और 350 शो मिले थे। हालांकि 14 अगस्त को ‘बंटवारा 1947’ और ‘आवारापन 2’ के सिनेमाघरों में आने के बाद फिल्म के ज्यादातर शो हटा दिए गए। अगले सप्ताह ‘हनुमान अंश’ महज 25 स्क्रीन और 25 शो तक सिमट गई थी।
पब्लिक डिमांड पर बढ़ाए गए स्क्रीन
फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, दर्शकों की मांग को देखते हुए सिनेमाघरों में दोबारा इसके स्क्रीन और शो बढ़ाए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जहां फिल्म के करीब 355 शो थे, वहीं 22वें दिन यह संख्या बढ़कर 2829 शो तक पहुंच गई। शो की संख्या बढ़ने का सीधा असर फिल्म के कलेक्शन पर भी दिखाई दिया।
बड़ी फिल्मों की प्रतिस्पर्धा के बीच ‘हनुमान अंश’ की इस तरह वापसी को बॉक्स ऑफिस पर एक अप्रत्याशित प्रदर्शन माना जा रहा है। कम बजट और कमजोर शुरुआत के बावजूद फिल्म का लगातार दर्शकों को आकर्षित करना इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि बताई जा रही है।
