भारी बारिश से उत्तराखंड में बिगड़े हालात, नदियां उफान पर

सेलाकुई में पुल का बेस क्षतिग्रस्त, 50 मीटर सड़क बही; हरिद्वार में बाजार जलमग्न

देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। हरिद्वार में बाजारों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि देहरादून में टोंस नदी उफान पर है। सेलाकुई क्षेत्र में स्वारना नदी के तेज बहाव से पुल और सड़क को नुकसान पहुंचा है।

सेलाकुई में पहाड़ी क्षेत्रों में हुई लगातार बारिश के बाद स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के कारण देहरादून-पांवटा राजमार्ग के पुल का बेस क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं रामपुर-चोई बस्ती की सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा नदी के बहाव में बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में आवाजाही प्रभावित हुई है और तीन हजार से अधिक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उधर, हरिद्वार में बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। कथरा बाजार और चौक बाजार में सड़कों पर पानी भरने से लोगों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण बाजारों में आवाजाही भी प्रभावित रही।

देहरादून में रातभर हुई भारी बारिश के बाद टोंस नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। नदी तेज बहाव के साथ उफान पर रही। लगातार बारिश को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी, नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है।