उत्तराखंड में मौसम बदलेगा मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि और बर्फबारी के आसार

देहरादून, संवाददाता:
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और मंगलवार से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि के आसार हैं।

केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ऊंचाई वाले इलाकों, विशेषकर 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव का असर पूरे प्रदेश में महसूस किया जाएगा, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।