भीमताल के दोगड़ा गांव में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों में अब भी दहशत

भीमताल, संवाददाता:
भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत दोगड़ा में मंगलवार सुबह वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी, जिसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई

ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार तेंदुओं की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि हाल ही में ज्योली और भद्ययूनी क्षेत्रों में वन्यजीव के हमलों में दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि एक तेंदुए के पकड़े जाने के बावजूद लोगों में दहशत कम नहीं हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त करने और अतिरिक्त पिंजरे लगाने की मांग की है, ताकि अन्य संभावित खतरों से बचाव किया जा सके।

वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।