

पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स मेले में लगे अस्थायी बाजार में बिजली व्यवस्था को लेकर ठेकेदार की कथित मनमानी का मामला सामने आया है। बाहर से आए दुकानदारों ने आरोप लगाया है कि बिजली कनेक्शन के नाम पर उनसे मनमाने तरीके से हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं। एक दुकानदार से करीब 7,500 रुपये तक लिए जाने की बात सामने आई है।
दुकानदारों के मुताबिक पिछले उर्स मेले में बिजली कनेक्शन के लिए प्रति बल्ब महज 500 रुपये शुल्क लिया जाता था। इस बार बिजली ठेकेदार की ओर से यूनिट के हिसाब से हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं। इससे दुकानदारों में नाराजगी है। उनका कहना है कि उर्स मेले में दुकान लगाने के लिए पहले ही काफी रकम खर्च करनी पड़ती है। ऐसे में बिजली के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने से उनका आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
दुकानदारों ने जांच की मांग की
दुकानदारों का कहना है कि पूर्व में इस तरह की वसूली नहीं हुई। आरोप है कि इस बार ठेकेदार निर्धारित व्यवस्था से अलग तरीके से बिजली शुल्क वसूल रहा है। दुकानदारों ने मामले की जांच कराकर बिजली के लिए उचित शुल्क निर्धारित कराने की मांग की है।
ठेकेदार बोला- 10 लाख में लिया है ठेका
वहीं बिजली ठेकेदार का कहना है कि उसने दरगाह से करीब 10 लाख रुपये में बिजली व्यवस्था का ठेका लिया है। ठेकेदार के अनुसार वह 7,000 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से बिजली की सप्लाई कर रहा है। उसने कहा कि जिसे शुल्क पर आपत्ति है, वह बिजली कनेक्शन न ले।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं मेला अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि ठेकेदार की ओर से नियमों के विपरीत वसूली किए जाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
