

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के फूलसेनी मोड़ पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि फूलसेनी मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार में सवार तीनों युवकों को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों आपस में दोस्त थे और घूमने के लिए निकले थे।
जांच में यह भी सामने आया कि तीनों युवकों ने शराब का सेवन किया था। पुलिस के मुताबिक, फूलसेनी मोड़ पर चालक रास्ते का सही अंदाजा नहीं लगा सका, जिससे कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में कार चला रहे 27 वर्षीय नवलपुरी, निवासी कैनाल रोड, देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार मयंक जोशी (23) और सागर सावंत (23), दोनों निवासी टनकपुर, जनपद चंपावत, को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और विस्तृत पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
