

काशीपुर। शहर की महादेव कॉलोनी में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में बारिश का पानी भर जाने के बाद उसमें नहा रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार पंकज चंदोला भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने खाली प्लॉटों और जलभराव वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
