
रुड़की। लंबे समय से निर्माणाधीन सोलानी नदी के नए पुल पर नवंबर माह से पहले आवागमन शुरू हो जाएगा। यह दावा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक Pradeep Batra ने पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के दौरान किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री बत्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम से पहले पुल के नीचे होने वाले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि मानसून के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित न हो और परियोजना निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जा सके।
मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि पुल के निर्माण के बाद हरिद्वार और रुड़की के बीच सीधी एवं सुगम कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे क्षेत्र के लोगों को यातायात संबंधी बड़ी राहत मिलेगी और शहर के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह पुल रुड़की की प्रगति और विकास का महत्वपूर्ण आधार साबित होगा।
गौरतलब है कि सोलानी नदी पर स्थित पुराना पुल पिछले लगभग तीन वर्षों से भारी वाहनों के लिए बंद है। इसके चलते स्कूल बसों सहित अन्य बड़े वाहनों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है। स्थानीय नागरिक लंबे समय से नए पुल के शीघ्र निर्माण की मांग कर रहे थे।
रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति मिली और वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मंत्री ने विश्वास जताया कि निर्धारित समय से पहले पुल का निर्माण पूरा कर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
जनता को होंगे प्रमुख लाभ
- हरिद्वार और रुड़की के बीच बेहतर संपर्क सुविधा
- भारी वाहनों के लिए सुगम एवं सुरक्षित आवागमन
- समय और ईंधन की बचत
- यातायात दबाव में कमी
- क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा
नए सोलानी पुल के शुरू होने से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
