मूसलाधार बारिश में रैन बसेरे की जर्जर दीवार भरभराकर गिरी

पिरान कलियर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को हज हाउस रोड स्थित रैन बसेरे की जर्जर चारदीवारी अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के साथ उस पर लगी लोहे की रेलिंग भी टूटकर सड़क पर जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और सड़क पर भी आवाजाही नहीं हो रही थी। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

दीवार गिरने के बाद उसका मलबा सड़क पर फैल गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्रवासियों के अनुसार, रैन बसेरे की चारदीवारी काफी समय से जर्जर हालत में थी। सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग भी धीरे-धीरे टूटकर खराब हो चुकी थी।

समय रहते नहीं हुई मरम्मत

स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग को जर्जर दीवार और रेलिंग की स्थिति की जानकारी होने के बावजूद समय रहते इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार बारिश के कारण दीवार की स्थिति और कमजोर हो गई, जिसके चलते वह अचानक गिर गई।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि दीवार व्यस्त समय में गिरती तो राहगीरों और वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि रैन बसेरे की क्षतिग्रस्त चारदीवारी और लोहे की रेलिंग का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए।

अन्य जर्जर दीवारों का भी हो निरीक्षण

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में मौजूद अन्य जर्जर दीवारों और भवनों का भी निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में कमजोर निर्माण ढहने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में समय रहते आवश्यक मरम्मत कराकर भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सकता है।