शिक्षा दीक्षा कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत

रुड़की। बिशंबर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से शिक्षा दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। नए सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का पुराने विद्यार्थियों ने आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चंद्रभूषण शर्मा, एमडी गौरव भूषण शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने किया। सचिव चंद्रभूषण शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और संस्कारों के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

एमडी गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर भविष्य में सफलता हासिल कर सकें। कार्यक्रम अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि संस्थान का प्रत्येक विद्यार्थी महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने के साथ शिक्षा, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

इस दौरान विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अनुशासन, शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों और संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पुराने विद्यार्थियों ने भी नवागंतुकों के साथ अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में स्वीटी, सानिया, आई, अलीशा, जेबा, शिफा और आशना ने नृत्य, नाटक एवं कविता की प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।