पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से मारपीट कर 25 हजार रुपये की लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कुरडी-देवबंद रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीन अज्ञात युवक सेल्समैन से मारपीट कर 25,300 रुपये की नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पेट्रोल पंप स्वामी मोहम्मद मन्नान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 मई की रात करीब 11:35 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पंप पर पहुंचे। उस समय सेल्समैन अनवर ड्यूटी पर मौजूद था। आरोप है कि बदमाशों ने अनवर के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखी पेट्रोल बिक्री की 25,300 रुपये की नकदी लूट ली। इसके साथ ही उसका आधार कार्ड भी छीन लिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से देवबंद की ओर फरार हो गए। पंप स्वामी के अनुसार पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।