


रुड़की (नमस्कार सिटी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा समर्पण संकल्प अभियान’ लगातार जारी है। इसी क्रम में पुरानी तहसील, रुड़की स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-14 (विश्वकर्मा चौक) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, साथ ही विभिन्न समसामयिक विषयों पर बच्चों के साथ परिचर्चा भी हुई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता एवं अतिथियों के रूप में भाजपा के पूर्व नगर महामंत्री मुकेश यादव, पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा तथा जिला मंत्री सतीश सैनी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वक्ताओं ने बच्चों को स्वच्छता अपनाने, बड़ों का आदर करने और जीवन में सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री रविन्द्र कुमार, शिक्षिका श्रीमती सुनीति शर्मा, श्रीमती सरस्वती पुंडीर, डाइट प्रवक्ता डॉ. अनिता नेगी तथा सीआरपी समन्वयक वैशाली रावल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों और क्षेत्रों में समाज उपयोगी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
