


रुड़की की होनहार बेटी मुस्कान वर्मा अब मायानगरी मुंबई में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने जा रही हैं। मुस्कान जल्द ही चर्चित वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा 15 में एक अहम और प्रभावशाली किरदार निभाती नजर आएंगी। यह बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 15 मई 2026 को रिलीज होगी।
वेब सीरीज में बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और अभिनेत्री उर्वशी रौतेला भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराएंगे। वहीं, मुस्कान वर्मा के किरदार को भी कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सीरीज की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, जिसके चलते दर्शकों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह बना हुआ है। इसके पहले पार्ट को भी दर्शकों ने काफी सराहा था। शानदार निर्देशन और अभिनय के लिए निर्देशक दीपक हुड्डा सहित कलाकारों को सम्मानित भी किया जा चुका है।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली मुस्कान वर्मा का सफर संघर्ष और मेहनत की मिसाल माना जा रहा है। उनके पिता सुरेंद्र वर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि माता ममता वर्मा शिक्षिका हैं। भाई अनमोल वर्मा और बहन मधुर वर्मा के साथ पली-बढ़ी मुस्कान ने बचपन से ही अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का सपना देखा था।
सीमित संसाधनों और तमाम चुनौतियों के बावजूद मुस्कान ने अपने सपनों को नहीं छोड़ा। उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम में अभिनय कर दर्शकों का दिल जीता और साउथ इंडस्ट्री की फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब OTT प्लेटफॉर्म पर आने वाली यह वेब सीरीज उनके करियर के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है।
आज मुस्कान वर्मा उत्तराखंड और खासतौर पर रुड़की की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। उनका सफर यह साबित करता है कि छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े सपनों को मेहनत और आत्मविश्वास से सच कर सकती हैं।
