भर्ती कैलेंडर से बढ़ी बेरोजगार युवाओं की चिंता, प्रमुख परीक्षाओं का नहीं मिला कोई संकेत

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा जारी नए भर्ती कैलेंडर ने प्रदेश के युवाओं को राहत देने के बजाय निराशा में डाल दिया है। कैलेंडर में कुल 22 भर्तियों का उल्लेख किया गया है, जिनमें से 16 केवल प्रवक्ता (लेक्चरर) पदों की मुख्य परीक्षाएं हैं।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि बहुप्रतीक्षित भर्तियां जैसे पीसीएस, लोअर पीसीएस, समीक्षा अधिकारी (RO), सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO), सहायक अभियंता (AE) और जूनियर इंजीनियर (JE) का इस कैलेंडर में कोई उल्लेख नहीं किया गया है। इससे लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ रहा है।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं 21 अप्रैल से शुरू होकर 6 दिसंबर तक चलेंगी। 21 से 24 अप्रैल तक पीसीएस-जे मुख्य परीक्षा और 27 से 30 अप्रैल तक पीसीएस मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि, नई भर्तियों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

प्रवक्ता भर्ती आयोग की प्राथमिकता के रूप में सामने आई है, जिसके तहत विभिन्न विषयों की मुख्य परीक्षाओं की तिथियां तय की गई हैं। इनमें 9 मई को भौतिक विज्ञान, 10 मई को नागरिक शास्त्र, 30 मई को हिंदी, 31 मई को इतिहास, 11 जून को कृषि, 5 जुलाई को गणित, 12 जुलाई को जीव विज्ञान, 26 जुलाई को अंग्रेजी, 23 अगस्त को रसायन विज्ञान, 20 सितंबर को वाणिज्य, 27 सितंबर को भूगोल, 11 अक्टूबर को अर्थशास्त्र, 18 अक्टूबर को समाजशास्त्र, 23 अक्टूबर को संस्कृत, 29 नवंबर को गृह विज्ञान और 6 दिसंबर को कला विषय की परीक्षाएं शामिल हैं।

इसके अलावा, 19 मई को समीक्षा अधिकारी लेखा परीक्षा-2024 और 19 जुलाई को हाईकोर्ट समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट व लाइब्रेरियन की स्क्रीनिंग परीक्षा प्रस्तावित है। आयोग ने 6 सितंबर और 4 अक्टूबर को परीक्षा के लिए आरक्षित रखा है, जिनकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

युवाओं का कहना है कि जिन भर्तियों का वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, उनका जिक्र न होना उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ा रहा है।