

देहरादून। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए पटेल भवन में शुक्रवार से 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम शुरू कर दिया गया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी यात्रा पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया कि यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लगभग एक सप्ताह पहले ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

गढ़वाल रेंज कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर इस बार यात्रा को अधिक डिजिटल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जिला पुलिस के साथ पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी के जवान भी तैनात किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता और जल पुलिस की टीमें भी विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर मौजूद रहेंगी। चारों धाम और प्रमुख यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थल और हाल्टिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बॉटल नेक, ब्लैक स्पॉट और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष तैनाती की गई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सभी अधिकारियों ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण पूरा कर लिया है और संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

