प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन, अतिथियों ने बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर


हरिद्वार, संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शिवडेल स्कूल, सेक्टर-1 रानीपुर भेल में जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन, शिवडेल स्कूल और गंगा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की शक्ति विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। शिवडेल स्कूल के अध्यक्ष स्वामी शरद पुरी ने खेलों को चरित्र और आत्मविश्वास निर्माण का माध्यम बताया।
डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य अनुपम जग्गा ने कहा कि हरिद्वार में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर और चेयरमैन रवि बजाज ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव, सचिव संजय चौहान, विकास तिवारी, आशु चौधरी, मयंक भजोराम शर्मा, अजय मलिक, दीपांशु विद्यार्थी, डॉ. हरीश, मनदीप ग्रेवाल और अर्श नैय्यर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
