

अवैध असलहा मामले में जेल से छूटने के बाद थाना परिसर में रील बनाने का भी आरोप, पुलिस ने भेजा जेल
पथरी। अवैध असलहा मामले में जेल से बाहर आए एक युवक पर राहगीरों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने पर पथरी पुलिस ने युवक को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी के माफी मांगने की बात भी सामने आई है। वहीं, जेल से लौटने के बाद युवक द्वारा थाना परिसर में रील बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पथरी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम सुकरासा में एक युवक द्वारा सड़क पर राहगीरों को परेशान करने की सूचना मिली। बताया गया कि स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कथित तौर पर मारपीट पर उतारू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, युवक गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए उत्तेजित अवस्था में मिला। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह शांत नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान विनीत पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर और अपर उपनिरीक्षक जसवंत बिष्ट शामिल रहे।
