विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

रुड़की, संवाददाता।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रुड़की स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय (रामनगर) परिसर में समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट की ओर से भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के अध्यक्ष नरेश यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लगाए गए पौधों के पूर्ण विकसित होने तक उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करेगी।

संस्था के संरक्षक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगा और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेट ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने और पॉलिथीन का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।

कार्यक्रम में तहसीलदार अवस्थी, पर्यावरण प्रभारी आर्य संदीप यादव, एडवोकेट अरुण कोहली, प्रदीप गोयल, संजय अरोड़ा, मुकेश धीमन, दिनेश शर्मा, एई अभय प्रताप सिंह, पार्षद राकेश गर्ग, सचिन शर्मा, नवीन त्यागी, विकास गुप्ता, अनिरुद्ध गोयल, एडवोकेट श्रवण सैनी, संजीव सैनी, अतुल सैनी, वंश सैनी, मोहित, अर्जुन, शिवम गोयल, शेर सिंह, नवीन शर्मा, कुलदीप सैनी, महेश गोस्वामी, जिंदल जी, शुभम चौधरी और जितेंद्र चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।