ऑपरेशन कालनेमी: कलियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 कथित फर्जी बाबा गिरफ्तार

पिरान कलियर। ऑपरेशन कालनेमी अभियान के तहत कलियर पुलिस ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 कथित “कालनेमी बाबा” को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये लोग साधु-संत का वेश धारण कर लोगों को गुमराह करने तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर ऑपरेशन कालनेमी के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दरगाह क्षेत्र और उसके आसपास ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई जो धार्मिक वेशभूषा का उपयोग कर आम लोगों को भ्रमित कर रहे थे और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे।

पुलिस ने अभियान के दौरान विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए करीब 40 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद सभी का चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि दरगाह क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार के भ्रम, अंधविश्वास या ठगी से बचाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसआई विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, जितेंद्र सिंह, सुनील चौहान, प्रकाश मनराल और सुबोध पुरोहित सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।