

मंगलौर। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही मां की हत्या उसकी ही बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। आरोप है कि दोनों महिला को ब्रेजा कार में बैठाकर ले गए और रास्ते में चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मंगलौर कोतवाली पुलिस को पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए तथा शव को शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी में रखवाया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पहचान के प्रयास किए गए। बाद में अरविंद निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की।
मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने करीब 216 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक ब्रेजा कार संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दी। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस ने कार की तलाश शुरू की।
जांच में पुलिस के अनुसार सामने आया कि आकाश चौहान और मृतका की पुत्री उन्नति के बीच प्रेम प्रसंग था। मृतका अपनी बेटी को इस संबंध को लेकर समझाती थी। पुलिस का दावा है कि मां को प्रेम संबंध में बाधा मानते हुए उन्नति ने आकाश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों महिला को बुढ़ाना से कार में बैठाकर हरिद्वार जाने की बात कहकर निकले। रास्ते में कथित तौर पर महिला की हत्या कर शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दूल्हेड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ और उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 और चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर, उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिवाल और महिला आरक्षी अजू शामिल रहे।
