कॉलेज जाने वाला रास्ता बना कीचड़ का दलदल, रोज परेशान हो रहे छात्र-छात्राएं

पिरान कलियर। कलियर के राजकीय इंटर कॉलेज तक पहुंचने वाला रास्ता सरकारी सिस्टम की अनदेखी की तस्वीर पेश कर रहा है। वार्ड चार में कॉलेज जाने वाला रास्ता आज भी कच्चा है। बारिश होते ही यह रास्ता कीचड़ के दलदल में तब्दील हो जाता है और छात्र-छात्राओं को इसी बदहाल रास्ते से होकर रोज कॉलेज पहुंचना पड़ रहा है।

रास्ते की बदहाली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विद्यार्थी कीचड़ से होकर गुजरते दिखाई दे रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो जिलाधिकारी हरिद्वार को भेजकर मामले की शिकायत की है और तत्काल रास्ते को दुरुस्त कराने की मांग की है। प्रबंधन का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों समेत संबंधित लोगों ने अब तक इस रास्ते की सुध नहीं ली है।

बारिश के दौरान विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ जाती है। कीचड़ के कारण फिसलने का खतरा बना रहता है। कपड़े खराब होने के साथ-साथ विद्यार्थियों के दुर्घटना का शिकार होने की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से रास्ते की हालत खराब होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।

अब सवाल यह है कि जब स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित रास्ता तक उपलब्ध नहीं कराया जा सकता तो विकास के बड़े-बड़े दावों का क्या मतलब है। वायरल वीडियो और कॉलेज प्रबंधन की शिकायत के बाद देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक करता है।